पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डायल 112 में तैनात गर्भवती महिला सिपाही की जान चली गई. बेली रोड पर स्कूटी से ड्यूटी जा रही अल्का अनुपम को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में न सिर्फ महिला सिपाही की मौत हुई, बल्कि उनका अजन्मा बच्चा भी जिंदगी की जंग हार गया.ट्रैफिक थानेदार ब्रजेश कुमार चौहान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अल्का अनुपम को पुलिस की गाड़ी से PMCH ले जाया गया. लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. कार का नंबर BR 01P Q5029 बताया जा रहा है, जो उल्टे लेन से आ रही थी और इसी दौरान स्कूटी को टक्कर मार दी.मृतका के भाई उन्हें ऑफिस छोड़ने आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अल्का अनुपम सड़क पर गिरकर तड़पने लगीं. राहगीरों और कुछ महिलाओं ने उन्हें किनारे किया और मदद पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक कोई मदद नहीं मिली. बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले गई.घटना पर IPS शीला ईरानी ने गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि यह हादसा पुलिस विभाग के लिए बड़ी क्षति है. उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही. हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे थे. वहीं, हादसे में घायल महिला सिपाही के भाई का भी इलाज चल रहा है, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी वाहन चालक और कार मालिक की पहचान करने में जुटी है.