भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाते हुए अपने फैंस को गर्व का अहसास कराया। जीत के बाद बरेली में जश्न का माहौल बन गया। टीम के जीत के करीब पहुंचते ही, सड़कों पर युवाओं की टोलियां तिरंगा लहराते हुए निकल पड़ीं। मिठाइयां बांटी गईं, ढोल-नगाड़ों पर जमकर थिरकते हुए लोगों ने अपनी खुशी का इजहार किया। एसएसपी के साथ अफसरों ने भी आतिशबाजी की। थानों में भी जश्न मनाया गया। भारत की विजय को क्रिकेट प्रेमियों ने 2019 के वनडे विश्व कप के सेमी-फाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार का बदला बताया। मैच के अंतिम क्षणों में जब भारत जीत के करीब था, तब शहर के चौक-चौराहों और गलियों में लोग बड़ी स्क्रीन पर टकटकी लगाए बैठे थे। हर कोई सांस रोककर भारत की जीत का इंतजार कर रहा था।जैसे ही रविंद्र जडेजा ने विजयी चौका लगाया, लोगों में उत्साह का ठिकाना न रहा। सिविल लाइंस, डीडीपुरम, श्यामगंज, कोतवाली और अन्य क्षेत्रों में लोग झंडे लहराते हुए सड़कों पर उतर आए। हर तरफ ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी। कुछ युवाओं ने बाइक रैली निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया।