सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- लैपटॉप से विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की संभावनाएं सशक्त होंगी
सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- लैपटॉप से विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की संभावनाएं सशक्त होंगी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने , शुक्रवार को प्रदेश के 89,710 मेधावी विद्यार्थियों के बैंक खातों में, लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की। कुल 224 करोड़ रुपये की राशि विद्यार्थियों को सिंगल क्लिक से भेजी गई। कार्यक्रम का आयोजन प्रशासन अकादमी में किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे इस राशि का उपयोग लैपटॉप खरीदने के लिए करें और खरीदारी की रसीद अपने स्कूल में जमा करें। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार के संसाधनों पर समाज के हर तबके का अधिकार है और इसी सोच के साथ विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश के उज्जवल भविष्य की संभावनाएं सशक्त होंगी, क्योंकि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास में सहायता मिल रही है। सीएम ने भारतीय गुरुकुल परंपरा का उदाहरण देते हुए कहा कि शिक्षा में तकनीकी नवाचार के साथ-साथ देश की जरूरत और चुनौतियों का ध्यान रखते हुए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का आत्मविश्वास मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सब उनकी सोच और दिशा-निर्देशों का परिणाम है।