बिहार में अधोसंरचना विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार जल्द ही पटना-पूर्णिया फोर लेन एक्सप्रेसवे के निर्माण की शुरुआत करने जा रही है। यह राज्य का पहला ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे होगा जो न केवल बेहतर सड़क संपर्क सुनिश्चित करेगा, बल्कि हजारों किसानों और ग्रामीणों की आर्थिक समृद्धि का मार्ग भी खोलेगा।इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसके तहत छह जिलों के 29 प्रखंडों के 250 से अधिक गांवों में 3381.2 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। इस कार्य में करीब 9,467 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत आने की संभावना है। भूमि अधिग्रहण के बदले किसानों को मिलने वाली मुआवजा राशि उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता लाएगी।