मोतिहारी के मधुबन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सुलेशन गैंग के नशेड़ी किशोरों ने पैसों के लिए 13 वर्षीय बच्चे की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान टीकम गांव निवासी जगदीश ठाकुर के बेटे सोनू कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। घटना सोमवार रात साढ़े 8 बजे की है। सोनू अपने पिता की सैलून दुकान से साइकिल पर घर लौट रहा था। ब्लॉक गेट के पास 3-4 किशोरों ने उसे घेर लिया। पैसे मांगने पर सोनू ने मना कर दिया। इस पर बदमाशों ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू को मधुबन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। रास्ते में कटही के पास सोनू ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ब्लॉक कार्यालय के पास नाबालिग नशेड़ी अक्सर सुलेशन सूंघते हैं। वे राहगीरों और बच्चों से पैसे छीनते हैं। पहले भी कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।