मोतिहारी। महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में अतंर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के प्रति सम्मान तथा उनके आर्थिक, राजनीतिक व सामाजिक उपलब्धियों के उपलक्ष्य में उत्सव के तौर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ डीएम, सीएस, डीएसपी, आदि ने किया। मौके पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का संदेश जिलावासियों तक पहुंचाने के लिये गुब्बारा छोड़ा गया। डीएम सौरभ जोरवाल ने कहा कि जिले में कार्यरत सभी महिला पदाधिकारी व कर्मी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन कर रही है। जो कि सभी बालिकाओं के लिए प्रेरणा की स्रोत हैं। सफलता तथा महिला सशक्तिकरण की बेहतरीन उदाहरण हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि महिलाएं अब किसी क्षेत्र में पुरूषों से पीछे नहीं है। वे आजीविका के हर एक क्षेत्रों में जैसे अंतरिक्ष, सेना,प्रशासन , स्वास्थ्य, शिक्षा, राजनीति सभी जगह परचम लहरा रही हैं। सीएस ने कहा कि बेटियों को बचाने के लिए कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिये हम सभी को दृढ़ संकल्पित होकर कार्य करना होगा तभी महिला सशक्तिकरण का संकल्प पूरा होगा। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक एवं वरीय उपसमाहर्ता ने अपने सफलता एवं संघर्ष के अनुभवों को साझा किया । इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों यथा (खेल, शिक्षा, कला एवं संस्कृति) में उत्कृष्ट कार्य करने जिले की 9 बालिकाओं अनु प्रिया तिवारी, नेहा खातून, आस्था भारती, पुष्पांजलि कुमारी, पूजा कुमारी, शबाना खातून , सिमरन कुमारी, केसर राज को नायिका पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र एवं ब्रांडेड स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया गया। महिला सशक्तिकरण के विषय व लोक कला पर सांस्कृतिक प्रस्तुति किया गया। साथ ही बेटी के महत्व ,नारी शक्ति ,बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ ,के महत्व को दर्शाते हुए मनमोहक नाट्य प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया । कार्यक्रम के दौरान महिला विकास निगम, बिहार, पटना की ओर से निर्मित की गयी लघु फिल्म का प्रसारण भी किया गया। इसके अलावा कैंब्रिज स्कूल एवं महारानी जानकी कुंअर एवं मुजीब गर्ल्स हाइ स्कूल की बच्चियों ने गायन व नृत्य का प्रदर्शन किया गया। मृणालिनी सहाय की ओर से बेखौफ परिंदा गाने पर एकल प्रस्तुति दर्शकों का मन मोहा. मंच का संचालन सीडीपीओ राखी ने किया। जिला स्तर के सभी पदाधिकारीगण ,सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक वीरेन्द्र राम, जिला मिशन समन्वयक निधी कुमारी, केद्र प्रशासक मुक्ति श्रीवास्तव, लैंगिक विशेषज्ञ, सभी महिला पर्यवेक्षिका, आंगनवाड़ी सेविका मोतिहारी सदर, मोतिहारी ग्रामीण, समेत जिले के तमाम पदाधिकारीगणं उपस्थित थे।