बिहारी टार्जन के साथ दौड़ा मोतिहारी

इस मैराथन में बिहारी टार्जन राजा यादव ने हरी झंडी दिखाई। विजेताओं को पुरस्कार दिए गए, जिसमें सोनू स्वराज सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया।

बिहारी टार्जन के साथ दौड़ा मोतिहारी

मोतिहारी। खेलो मोतिहारी के तहत आयोजित खेलों के महाकुंभ के अंतिम दिन रविवार को मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में मुख्य रूप से बिहारी टार्जन के नाम से मशहूर राजा यादव व बड़ी संख्या में शहर के युवा शामिल हुए। इसके लिए युवा शहर के गांधी मैदान में जमा हुए। बिहारी टार्जन उर्फ राजा यादव और कार्यक्रम के संयोजक दिव्यांशु भारद्वाज ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। मैराथन में शामिल युवा सुबह 6:00 बजे गांधी मैदान से रवाना हुए व मीना बाजार होते हुए जिला स्कूल मैदान पहुंचे। मैराथन के दौरान शहरवासी रोड के दोनों तरफ खड़ेहोकर ताली बजाकर युवाओं का हौसला बढ़ा रहे थे। संयोजक दिव्यांशु भारद्वाज ने बताया कि मैराथन में सोनू स्वराज सिंह ने प्रथम, संदीप पासवान ने द्वितीय तथा विवेक कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजयी खिलाड़ियों में प्रथम स्थान हासिल करनेवाले को 25,000, उपविजेता को 15,000 व तृतीय स्थान हासिल करनेवाले को 11,000 रुपए दिया जाएगा। इसके अलावा चौथा से 25वां स्थान हासिल करनेवाले प्रतिभागियों को 5100 रुपया का पुरस्कार दिया जाएगा। मैराथन दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों को बिहार टार्जन राजा यादव और दिव्यांशु भारद्वाज ने सर्टिफिकेट और मेडल देकर पुरस्कृत किया। शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया जाएगा। जिला स्कूल मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न खेलों के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें भोजपुरी के सुप्रसिद्ध गायक रितेश पांडेय एवं अदिति राज और राजा यादव शामिल होंगे।राजा यादव ने कहा कि इस तरह के मैराथन और नौ दिनों तक चले खेलों का महाकुंभ से युवाओं में उत्साह है। इससे युवाओं में खेल के प्रति रूझान बढ़ेगा। साथ ही समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। खेलो मोतिहारी के संयोजक दिव्यांशु भारद्वाज ने कहा कि जिस तरह से आज के समय में सोशल मीडिया और कई तरह के गेमों के तरफ युवा ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में इस तरह के आयोजन से युवा खेल के प्रति आकर्षित होंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नीतीश पटेल, रविकरण, आलोक चंद्र, संजय सत्यार्थी, अखिलेश्वर मिश्रा, शिवेंद्र कुमार, अमन कश्यप, राजन सिंह, संजय सिंह, मुकुल कुमार, सिद्धांत पटेल, विवेक सिंह, अभिषेक शाह, राकेश कुमार, अमन सारथी, पार्थ सारथी, सनी सिंह, कुमार सौरव, आकाश ध्रुव, इ़फ्तेखारअहमद, रोहित सिंह आदि की भूमिका सराहनीय रही।