मुजफ्फरपुर जिले से होली के उल्लास के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें हथियार लहराकर लोगों को धमकाते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में युवक नशे की हालत में पिस्तौल लेकर खुलेआम घूमते हुए दूसरे युवकों को धमकाता नजर आ रहा है। यह वीडियो कांटी थाना क्षेत्र के लहलादपुर गांव का बताया जा रहा है, जिसे लेकर अब पुलिस गंभीरता से जांच में जुट गई है।वायरल वीडियो करीब 15 सेकंड का है, जिसमें आरोपी युवक होली के रंग में सराबोर और नशे की हालत में दिख रहा है। वीडियो में वह किसी बात को लेकर दूसरे युवकों से बहस कर रहा है और बार-बार हथियार लहराकर धमकाता नजर आता है। वहीं, उसके एक साथी को बाइक के साथ सामने खड़ा भी देखा जा सकता है।पुलिस जांच में आरोपी की पहचान पानापुर करियात क्षेत्र के मधु छपरा निवासी बिरजू शाह के पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, करण हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, करण का परिवार भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है, जिसमें उसका पिता बिरजू शाह और भाई आदित्य कुमार का नाम भी शामिल है।वीडियो में करण कुमार के साथ एक दूसरा युवक भी नजर आ रहा है, जो बाइक के साथ खड़ा है। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस उसकी भी तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि वह भी कांटी थाना क्षेत्र के लहलादपुर का निवासी है।