PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के सिलवासा में नमो अस्पताल का उद्घाटन किया. फिलहाल अस्पताल के प्रथम चरण का उद्घाटन हुआ है. अधिकारियों ने बताया कि 450 बिस्तरों वाले इस अस्पताल के निर्माण पर 460 करोड़ रुपये की लागत आई है. इससे केंद्र शासित प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार होगा. एक अधिकारी ने बताया कि यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों, विशेषकर आदिवासी समुदायों को अत्याधुनिक चिकित्सा सेवा देगा.दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा “आज सिलवासा और इस राज्य को एक आधुनिक पहचान मिल रही है. यह एक ऐसा शहर बन गया है जहां हर जगह से लोग रहते हैं. यहां का महानगरीय मिजाज दिखाता है कि कैसे यहां नए अवसरों का विकास हुआ है, और वह भी तेज गति से. दादरा और नगर हवेली दमन और दीव हमारे लिए सिर्फ केंद्र शासित प्रदेश नहीं हैं, बल्कि हमारा गौरव और विरासत हैं.”