मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भी होली का एक अनोखा रंग देखने को मिला। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल एक छात्र का इलाज कर रहे चिकित्सक ने जब उसी मरीज के माथे पर गुलाल लगाकर उसे होली की बधाई दी, तो अस्पताल का गंभीर माहौल भी कुछ पल के लिए रंगीन हो उठा।दरअसल, शहर के एक निजी अस्पताल में इलाजरत घायल छात्र को चिकित्सक डॉ. गौरव वर्मा ने इलाज के बाद गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। यह क्षण न केवल आईसीयू के लिए खास रहा, बल्कि मरीज और उसके परिजनों के लिए भी एक भावुक अनुभव बन गया। डॉक्टर की इस मानवीय पहल ने इलाज के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव की भी मिसाल पेश की।जानकारी के अनुसार, घायल छात्र श्री प्रकाश एक पैक्स अध्यक्ष का पुत्र है। वह बीते शाम को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हुआ था। बताया जा रहा है कि उसके ही एक दोस्त ने उसे गोली मार दी थी, जिससे छात्र को पेट में अग्नाशय (पैंक्रियाज) के पास गंभीर चोट लगी थी। समय रहते इलाज शुरू होने से उसकी जान बच गई। अब छात्र की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।