मोतिहारी में बाजार से सामान खरीद कर लौट रही एक युवती को एक युवक ने बीच बाजार में चाकू से गोद कर उसकी हत्या कर दी। घटना मृतका की पहचान रामगढ़वा थाना क्षेत्र के नवकटवा निवासी अंजली कुमारी के रूप में की गई है।घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि अंजली बाजार से खरीदारी करके लौट रही थी, तभी एक बाइक सवार युवक ने अंजली को घेरकर चाकू से हमला कर दिया।चाकू लगते ही अंजली जमीन पर गिर पड़ी, इसी बीच आरोपी वहां से फरार हो गया। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने आनन फानन में अंजली को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस जघन्य घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामगढ़वा थाना की पुलिस पूरे घटना के जांच में जुट गई। इस घटना के बाद ग्रामीण काफी आक्रोशित हो गये। घटना के संबंध में मृतका के परिवार वाले खामोश हैं। रामगढ़वा थाना की पुलिस अब अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु जगह-जगह बैरिकेडिंग कर सघन जांच कर रही है और आरोपियों के संभावित ठिकाने पर छापेमारी भी कर रही है।घटना के संबंध में मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। युवती के एक दूर के रिश्तेदार ने ही एक तरफा प्रेम में युवती की जान ले ली है।