रक्सौल थाना क्षेत्र के जटियाही ग्राम निवासी 45 वर्षीय किसान रमेश सिंह की बुधवार देर रात ईंख के खेत में सोये अवस्था में अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गर्दन काट कर निर्मम हत्या कर दी। वह ईंख की खेत में पानी पटाने गया था। हत्याकांड का खुलासा गुरुवार सुबह छह बजे के आसपास हुआ। खेत में काम करने वाले एक मजदूर अजय कुमार ने इसकी सूचना मृतक के परिवार को दी। सूचना पर मृतक के पुत्र घटनास्थल पर पहुंचे जहां ट्रैक्टर ट्रॉली में सोये अपने पिता का खून से सना शव पड़ा पाया।मृतक के पिता पूर्व सेना के जवान रामचंद्र सिंह ने बताया कि तीन दिनों से रमेश ईख के खेत में पानी पटाने रात में जा रहा था। उसके साथ मजदूर अजय भी रहता था। घटना की रात वह अपने घर जोकियारी चला गया था व रमेश अकेले खेत में पानी पटाते ट्रैक्टर पर ही सो गया था। इस दौरान हत्यारे ने तेज धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट कर हत्या कर दी।उन्होंने कहा कि यह घटना आपसी दुश्मनी में गांव के ही किसी ने अंजाम दिलाया है। वैसे रमेश से किसी की कोई दुश्मनी नहीं थी। बावजूद पुरानी दुश्मनी में हत्या कराया गया है जो जांच में स्पष्ट हो जायेगा।
इधर, घटना की सूचना के साथ परिवार में कोहराम मचा गया व शव देखने लोगों की भीड़ उमड़ गयी। मृतक की पत्नी, दो दो पुतोहु व दो पुत्रों का रो रो कर बुरा हाल था। पत्नी विलख विलख कर बदहवास हो जाती। परिजनों से चित्कार से पूरा माहौल गमगीन था।
घटना की पुष्टि डीएसपी धीरेन्द्र कुमार ने की। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते तत्काल वे घटनास्थल पहुंचे व थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजीव नन्दन के साथ घटनास्थल पर पहुंच घटनास्थल की गहन जांच कर शव को बरामद किया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला रंजीश में किया गया प्रतीत होता है। जिसकी वैज्ञानिक तकनीकी से जांच कर हत्यारों को यथाशीघ्र गिरफ्तार कर मामले का उदभेदन किया जायेगा।शव को पोस्टमार्टम के लिये मोतिहारी भेज दिया गया है। परिवार से आवेदन प्राप्त करके एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। उधर शाम में शव के पोस्टमार्टम से आने के बाद तिलावे नदी किनारे दाह संस्कार कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक का मोबाइल जब्त कर कॉल की जांच की जा रही है कि हत्या के पूर्व फोन पर किससे बात हुयी थी। साथ काम कर रहे मजदूर की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। यह भी पुलिस तहकीकात कर रही है कि मृतक व परिवार के साथ किन किन लोगों की अदावत चल रही थी।