बिहार के युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने की तैयारी, सुरक्षित प्रवासन पर जोर

बिहार के युवाओं को विदेशों में सुरक्षित और वैध रोजगार दिलाने के लिए नियोजन भवन में एक परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कौशल विकास, भाषा दक्षता और सुरक्षित प्रवासन पर जोर दिया गया।

बिहार के युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने की तैयारी, सुरक्षित प्रवासन पर जोर

पटना। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से बुधवार को नियोजन भवन में नियोक्ता एजेंसियों के साथ एक महत्वपूर्ण परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई।कार्यशाला का मुख्य फोकस बिहार के युवाओं को विदेशों में सुरक्षित, पारदर्शी और वैधानिक तरीके से रोजगार उपलब्ध कराना रहा। बैठक की अध्यक्षता विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर ने की। इस दौरान निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण के उप निदेशक (मुख्यालय) श्याम प्रकाश शुक्ल, बिहार कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक मनीष शंकर समेत विभिन्न नियोक्ता एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यशाला में विदेशों में रोजगार के अवसरों की पहचान, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, भाषा दक्षता बढ़ाने और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई।

साथ ही युवाओं के सुरक्षित प्रवासन, पूर्व-परामर्श व्यवस्था और नियोक्ता एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

रास्ते आसान कर रही सरकार

सचिव डॉ. कौशल किशोर ने कहा कि बिहार सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित वैश्विक रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक प्रक्रिया के विदेश रोजगार से जुड़े जोखिमों को रोकने के लिए विभाग एजेंसियों के साथ समन्वित व्यवस्था विकसित करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण, भाषा दक्षता, दस्तावेजी सहायता और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार किया जाएगा, ताकि बिहार के युवा वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।