दिनदहाड़े दंपती को चाकू से गोदा

शिवहर में दिनदहाड़े मासूम बच्चों के सामने अपराधियों ने दंपती को चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गोद डाला। इस हमले में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।

दिनदहाड़े दंपती को चाकू से गोदा

शिवहर जिले में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब बेखौफ अपराधियों ने सरेआम एक दंपती को चाकू से गोद दिया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है। यह वारदात पिपराही थाना क्षेत्र के एनएच-227 डूबा पुल के नजदीक कोल्हापुल के पास हुई।जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र के रामनगरा वार्ड-7 निवासी 25 वर्षीय अरविंद ठाकुर के रूप में की गई है। वह होली के अवसर पर अपनी पत्नी रीमा देवी, पांच वर्षीय बेटे अनिकेत और चार वर्षीय बेटे आदित्य के साथ मोटरसाइकिल पर ससुराल राजाडीह जा रहे थे। जैसे ही वे डूबा पुल के पास पहुंचे, अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली और अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।इस हमले में अरविंद ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पिपराही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं, दोनों अबोध बच्चे पूरी घटना के दौरान घटनास्थल पर मौजूद थे, जो सदमे में हैं और लगातार रो रहे हैं।