भैया के ससुराल होली खेलने आए युवक की ग्रामीणों ने करा दी शादी

मुजफ्फरपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां अपने बड़े भाई की ससुराल होली मनाने पहुंचे युवक की ग्रामीणों ने शादी करवा दी। इस विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं हैं। जानें पूरा मामला...।

भैया के ससुराल होली खेलने आए युवक की ग्रामीणों ने करा दी शादी

मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दिलचस्प और अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक को अपने बड़े भाई के ससुराल में होली खेलने जाना इस कदर भारी पड़ गया कि ग्रामीणों ने उसकी शादी ही करा दी। यह मामला मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ पंचायत के छोटी कोठिया गांव का है। जहां होली के रंग में प्रेम और रिश्तों की एक नई कहानी जुड़ गई।जानकारी के मुताबिक, वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव निवासी राकेश कुमार अपने बड़े भाई गुड्डू के ससुराल होली खेलने के लिए दो दिन पहले ही गांव आया था। लेकिन इसी दौरान उसने एक ऐसा कदम उठा लिया जिससे न सिर्फ गांव वाले भड़क उठे, बल्कि गांव का मंदिर शादी का मंडप बन गया और पूरा गांव बाराती।दरअसल, राकेश कुमार ने अपने भाई के चचेरे ससुर की बेटी से चुपके से रात के अंधेरे में विवाह रचा लिया था। जब यह बात लड़की के परिजनों और फिर पूरे परिवार को पता चली, तो गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने इस विवाह को सामाजिक मान्यता देने का फैसला लिया और गांव के प्रसिद्ध विषहर स्थान मंदिर में पूरी रीति-रिवाज के साथ दोनों की शादी करवा दी गई।इस विवाह की खास बात यह रही कि पूरा गांव इस शादी का गवाह बन गया। ग्रामीणों ने न सिर्फ मंदिर में विवाह की रस्मों को पूरा कराया, बल्कि तस्वीरें और सेल्फी लेकर इस शादी को यादगार बना दिया। राकेश कुमार कभी मुंह छिपाते नजर आया तो कभी लोगों के साथ हंसते हुए तस्वीरों में भी दिखा।