सरैया व पारू इलाके में छापा, मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़

मुजफ्फरपुर में पारू थाना क्षेत्र के रामपुर केसोमलाही गांव में उत्पाद विभाग ने एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस छापेमारी में 22 लीटर स्प्रिट और 50 बोतल विदेशी शराब....

सरैया व पारू इलाके में छापा, मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़

मुजफ्फरपुर । पारू थाना क्षेत्र के रामपुर केसोमलाही गांव में सोमवार की रात उत्पाद विभाग की टीम की छापेमारी में मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। टीम ने एक धंधेबाज रामबाबू चौधरी को भी गिरफ्तार किया है। मौके से 22 लीटर स्प्रिट, विदेशी शराब की 50 बोतल, भारी मात्रा में ढक्कन, रैपर और एक बोतल कलरिंग मेटेरियल सहित स्प्रिट से शराब बनाने वाली सामग्री जब्त की गई है।पूछताछ में रामबाबू चौधरी ने बताया है कि शराब बनाने का सारा सामान सरैया इलाके के चुरिहार गांव के मो.अबुल हसन ने तीसरे धंधेबाज से उपलब्ध कराया है। बताया कि अबुल हसन कबाड़ी का काम भी करता है। इसके बाद टीम ने चुरिहार गांव में छापेमारी कर मो.अबुल हसन के ठिकानों से 1500 खाली बोतल के साथ पांच लीटर स्प्रिट जब्त किया। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते अबुल हसन भाग निकला। बताया गया कि खाली बोतल शराब बनाकर होली में सप्लाई करने को रखी गई थी। फरार धंधेबाज अबुल हसन के खिलाफ सरैया थाने में पहले से एफआईआर दर्ज है।छापेमारी का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार और फरार धंधेबाजों के खिलाफ उत्पाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पूछताछ के बाद रामबाबू चौधरी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया। वहीं फरार मो.अबुल हसन की तलाश में छापेमारी की जा रही है।मुजफ्फरपु उत्पाद विभाग की टीम ने मिठनपुरा थाना के कन्हौली विसुंदत में छापेमारी कर छह लीटर स्प्रिट के साथ धंधेबाज सुरेंद्र राय को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि यह स्प्रिट वह खरीद कर ला रहा है। उसकी निशानदेही पर टीम ने छापेमारी की तो उस इलाके में उस नाम का कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके अलावा जिले के विभिन्न इलाकों से 582 बोतल विदेशी शराब के साथ एक महिला समेत आधा दर्जन से अधिक धंधेबाज व पियक्कड़ पकड़े गए है।