पूर्ण शराबबंदी वाले नीतीश कुमार के बिहार के आरा में होली को नशे की जद में डालकर पैसे कमाने की साजिश की जा रही है। आरा में पुलिस ने एक ऐसे ही प्रयास को नाकाम कर दिया है। छानबीन के दौरान एक ऐसे धंधेबाज को पुलिस ने दबोच दिया है जो पुलिस की वर्दी पहन कर कारोबार करता था। विदेशी शराब की तस्करी करते वर्दीधारी फर्जी दारोगा को उत्पाद विभाग की टीम ने बक्सर-पटना फोरलेन पर कायमनगर के समीप वाहन जांच के दौरान को पकड़ा इस मामले में आरा उत्पाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है।पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। छापेमारी टीम का नेतृत्व सहायक उत्पाद आयुक्त रजनीश ने किया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। जब्त लग्जरी कार से पांच लाख रुपए की विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब जब्त की गई है। शराब की यह खेप यूपी के बलिया से पटना लेकर जा रहा था। इस मामले में सहायक उत्पाद आयुक्त को गुप्त सूचना मिली कि फर्जी दारोगा की वर्दी पहनकर एक शराब तस्कर लग्जरी कार से शराब की बड़ी खेप लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर सहायक उत्पाद आयुक्त ने टीम को छापेमारी करने का आदेश जारी किया।