Gallery Image

छपरा में ABVP के ‘शौर्य संगम युवती सम्मेलन’ का आयोजन, भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति की दिखी झलक

छपरा, 29 अक्टूबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), छपरा के तत्वावधान में गुरुवार को छपरा प्रेक्षागृह में ‘शौर्य संगम युवती सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में युवतियों के सशक्तीकरण, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर जोर दिया गया। इस दौरान भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं की मनमोहक झलक भी देखने को मिली।

कार्यक्रम में जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष एवं अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की सदस्य डॉ. पूनम सिंह, पटना उच्च न्यायालय की अधिवक्ता अर्चना जी, भारत विकास परिषद की अध्यक्ष वर्षा पांडेय, राजेंद्र महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका एवं अभाविप की छपरा नगर उपाध्यक्ष डॉ. नीतू सिंह, जिला छात्रा प्रमुख सलोनी कुमारी तथा राष्ट्रीय सेविका समिति, दानापुर की कार्यवाहिका संगीता सिन्हा प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

सम्मेलन का उद्देश्य युवतियों को अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को पहचानने, सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित करना था। साथ ही, भारतीय संस्कृति, पारंपरिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विभिन्न नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से छठ पूजा पर आधारित लोकनृत्य और अन्य पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति, आस्था और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया।

छात्राओं की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने सम्मेलन को आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवतियों में आत्मविश्वास, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। सम्मेलन में भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला।