*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में काली पूजा,दीपावली व छठ पर्व को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को लेकर आयोजित बैठक
मुंगेर: मुंगेर काली पूजा दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज संग्रहालय सभागार में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में महापौर कुमकुम देवी, अपर समाहर्ता सुमन कुमार साह, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक आनंद सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में जिला एवं पुलिस प्रशासन तथा शांति समिति के सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी समन्वय एवं सहयोग के साथ आगामी पर्व-त्योहारों को भी सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, खतरनाक घाटों को चिन्हित करने तथा उसके बेरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से संबंधित तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, शांति समिति के सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं दिए गए सुझावों पर जिला एवं नगर प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में प्रशासन और आम नागरिकों का परस्पर सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने का अनुरोध किया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।