Gallery Image

रक्सौल प्रशासन का फ्लैग मार्च,

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। शहर में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गुरुवार को प्रशासन ने नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद, रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, आदापुर प्रखंड विकास पदाधिकारी रणधीर कुमार, पुलिस निरीक्षक रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों एवं व्यस्त सड़कों का भ्रमण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें, ठेले एवं अन्य सामान लगाकर अतिक्रमण करने वाले लोगों को तत्काल अतिक्रमण हटाने की सख्त चेतावनी दी गई।

एसडीएम ने कहा कि सड़क और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीपीओ ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

More Image