डीएम और एसपी ने सुगौली में सिकरहना नदी के कटाव क्षेत्र का किया निरीक्षण
*बाढ़ प्रमंडल ढाका के कार्यपालक अभियंता को त्वरित और जरूरी कदम उठाने के निर्देश*
सुगौली पूर्वी चंपारण। जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने जिला के वरीय अधिकारियों के साथ सुगौली अंचल अंतर्गत विशुनपुरवा वार्ड संख्या 01 स्थित नदी कटाव क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कटाव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बाढ़ प्रमंडल ढाका के कार्यपालक अभियंता को कटाव रोधी कार्य तुरंत शुरू करने तथा हर आवश्यक कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि आबादी और कृषि योग्य भूमि को नुकसान से बचाया जा सके।
मौके पर मौजूद सुगौली के अंचल अधिकारी (सीओ) ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया कि सिकरहना नदी पुल के पास नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे घट रहा है, जिससे कटाव की गति में कमी आने की संभावना है। हालांकि, प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के अलावा सहायक समाहर्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मोतिहारी, अंचल अधिकारी सुगौली तथा बाढ़ प्रमंडल ढाका के संबंधित अभियंतागण मुख्य रूप से मौजूद रहे।